रामपुर। शुक्रवार को जिले में एक और मरीज में डेंगू की पुष्टि होने से डेंगू आंकड़ा बढ़कर 31 हो गया है। मरीज को कई दिन से बुखार आ रहा था। जिला अस्पताल में एलाइजा की जांच कराई गई तो जांच रिपोर्ट में डेंगू की पुष्टि हुई। मरीज का जिला अस्पताल में इलाज चल रहा है।
शुक्रवार को सैदनगर के मिलक हाशम गांव निवासी मो. यासीन 23 को बुखार होने पर जिला अस्पताल लाया गया था, जहां पर एलाइजा की जांच हुई तो जांच में डेंगू की पुष्टि हुई। मरीज को इलाज के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। सरकारी अस्पताल के अलावा निजी अस्पतालों में मरीजों की भरमार है।
स्वास्थ्य विभाग की टीम शहर से लेकर देहात तक एंटी लार्वा का छिड़काव करा रही है। टीम लोगों को जागरूक करते हुए रात में मच्छरदानी का उपयोग करने, घरों के आसपास साफ-सफाई रखने की भी अपील कर रही है।
जिले में डेंगू को लेकर स्वास्थ्य विभाग की टीम पूरी तरह से अलर्ट है। टीम को शहर से लेकर देहात तक भेजकर बुखार से पीड़ित मरीजों की जांचें कराई जा रही हैं। लोगों से घरों के आसपास साफ-सफाई रखने को लेकर जागरूक किया जा रहा है।
- डॉ. दीपा सिंह, सीएमओ