शाहबाद (रामपुर)। भमोरा-बिलारी रोड चौड़ीकरण के दौरान ध्वस्त मकान व दुकानों का मलबा अब राहगीरों के लिए परेशानी का सबब बन रहा है। सड़क किनारे मलबे के ढेर से रास्ता संकरा हो गया है। इससे राहगीरों को दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।
लोक निर्माण विभाग ने अवैध रूप से आगे बढ़ाई गई दुकानों और मकानों को हटाने की चेतावनी दी थी। इसके बाद कई लोगों ने खुद ही अपने निर्माण ढहा दिए थे, लेकिन अधिक लोगों ने उस मलबे को सड़क किनारे ही डाल दिया, जिससे सीएचसी के सामने मुख्य बिलारी-रामपुर रोड बेहद तंग हो गया है। तेज रफ्तार वाहनों के बीच यहां से गुजरना किसी खतरे से कम नहीं है। सोमवार को तो स्थिति गंभीर होते-होते बची, जब एक महिला तंग रास्ते में फंसने के कारण अचानक ट्रक की चपेट में आने से बाल-बाल बच गई। लोगों ने प्रशासन और संबंधित विभागों से तत्काल कार्रवाई की मांग की है।