शाहबाद (रामपुर)। घर से प्लास्टिक के बाल्टी-टब बेचने घर से निकले युवक का शव बरेली जिले के फतेहगंज पश्चिमी थाना क्षेत्र स्थित एक रेलवे फाटक के निकट मिला है। पुलिस ने परिजनों को सूचना दी। इस पर परिजन शव ले आए और अंतिम संस्कार कर दिया। युवक की मौत से परिजनों में कोहराम मचा हुआ है।
शाहबाद कस्बे के मोहल्ला खटपुर निवासी आसिफ (28) बुधवार 16 फरवरी को बरेली जनपद के फतेहगंज पश्चिमी में टब और बाल्टी बेचने के लिए गया हुआ था। शुक्रवार को फतेहगंज पश्चिमी पुलिस ने परिवार वालों से संपर्क कर घटना की जानकारी दी। परिजनों के अनुसार पुलिस ने बताया कि फतेहगंज पश्चिमी के धनेटा फाटक पर क्षत-विक्षत स्थिति में आसिफ का शव मिला था। घटना की सूचना पाकर रोते बिलखते हुए परिजन बरेली पहुंच गए। फतेहगंज पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम करा दिया था। शनिवार देर शाम को परिवार के लोगों मृतक के शव का अंतिम संस्कार कर दिया गया। इस अचानक मौत पर परिवार में सभी लोगों का रो-रोकर बुरा हाल है। परिवार वालों ने बताया कि आसिफ की करीब दो वर्ष पूर्व शादी हुई थी।