स्वार (रामपुर)। कोतवाली क्षेत्र के नानकार रानी गांव की नैया नदी में डूबे युवक हस्सान (18) का शव बुधवार सुबह मिल गया। उसकी मौत से परिवार वालों का रो-रोकर बुरा हाल है।
नानकार रानी गांव निवासी युवक हस्सान दर्जी के यहां बाहर रहकर काम करता था। इन दिनों वह घर आया हुआ था। लोगों ने बताया कि गांव के युवकों के साथ मंगलवार की शाम पश्चिम दिशा में बह रही नैया नदी के पुल पर गया था। इसी दौरान दोस्तों के साथ वह नदी में नहाने चला गया। उसने डुबकी लगाई तो ऊपर नहीं आ सका। नदी का बहाव तेज होने के कारण हस्सान बह गया।
उसके साथियों ने उसे तलाश किया, लेकिन वह नहीं मिला। युवक के बहने की जानकारी जब ग्रामीणों और परिजन को मिली तो वह पुल पर पहुंच गए। लेकिन रात होने के कारण रेसक्यू रोकना पड़ा। बुधवार की सुबह युवक की तलाश की गई तो काफी मशक्कत के बाद युवक का शव मिल गया। शव मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया।
पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भिजवा दिया। दोपहर बाद गांव के कब्रिस्तान में युवक को सुपुर्द-ए-खाक कर दिया गया। पिता रईस अहमद ने बताया कि हस्सान छह बहन भाइयों में दूसरे नंबर पर आता था।