रामपुर। कोतवाली थाना क्षेत्र में रवन्ना गांव के पास एक खेत में दबा हुआ युवक का शव मिलने से सनसनी फैल गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। युवक की शिनाख्त नहीं हो पाई है।
पुलिस के मुताबिक, रवन्ना गांव में शनिवार शाम कोसी नदी के पास खेत में रेत में दबा एक शव होने की सूचना मिली थी। इसके बाद पुलिस ने ग्रामीणों की मदद से शव को रेत से बाहर निकाला और घटनास्थल का मौका मुआयना कर मृतक के संबंध में जानकारी जुटाई। आसपास के लोगों से शव की शिनाख्त कराने का प्रयास किया, लेकिन पहचान नहीं हो पाई। बाद में पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। कोतवाली प्रभारी किशन अवतार ने बताया कि रेत में दबा एक शव मिला है, जिसकी उम्र करीब 30 वर्ष के आसपास है। शिनाख्त नहीं हुई है। लग रहा है, बाढ़ में पानी के साथ बहकर शव होगा। टांडा से परिवार देखने भी आया था। उनके परिवार का सदस्य नहीं निकला। शिनाख्त कराने का प्रयास किया जा रहा है।