पटवाई/शाहबाद। शुक्रवार की दोपहर से गायब हुए बालक का सोमवार की सुबह नदी में उतराता हुआ मिला। सूचना के बाद पहुंची पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
शुक्रवार दोपहर को बिचपुरी गांव निवासी जमील का बेटा तहसीम (11) अपने पालेज पर सिंचाई करने के लिए नदी पार गया था। लेकिन वहां से देर शाम तक नहीं लौटा था। जिसके बाद उसकी खोज शुरू हो गई। बालक के पिता ने पटवाई थाने में गुमशुदगी दर्ज करा दी थी। शुरू से ही ऐसी आशंका जताई जा रही थी कि बालक कोसी नदी में डूब गया होगा। शनिवार और रविवार को पीएसी के जवानों और ग्रामीणों ने नदी में काफी तलाश किया। दो दिनों तक लगातार बालक को ढूंढा गया। लेकिन रविवार देर शाम तक बालक का कोई सुराग नहीं मिल पाया। सोमवार फिर से उसकी खोज शुरू की जानी थी। लेकिन उससे पहले ही उसका शव नदी में उतराता हुआ मिला। मौके पर मौजूद किसानों ने बताया कि वह अपनी पालेज के गड्ढे खोदने नदी पार गए थे। उन किसानों की नजर नदी में उतराते हुए शव पर पड़ गई।