फर्जी वोटिंग को लेकर बीडीसी के दो प्रत्याशी आपस में भिड़ गए। इस दौरान दोनों के समर्थकों के बीच जमकर लाठी डंडे चले। इससे अफरातफरी मच गई। इस घटना में दोनों ओर से सात लोग जख्मी हो गए। घायलों को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
दूसरे चरण के मतदान के तहत मंगलवार को मिलक क्षेत्र में पोलिंग हुई। इस दौरान वोटर लिस्टों से नाम गायब होने के साथ ही फर्जी वोटिंग को लेकर कई स्थानों पर हंगामे और मारपीट की घटनाएं हुईं। शहजादनगर थाना क्षेत्र के नगली भगवंत गांव में मतदान के दौरान बीडीसी के दो प्रत्याशियों के बीच फर्जी वोटिंग को लेकर विवाद हो गया।
इस दौरान दोनों के समर्थक भी आ गए। इसके बाद उनमें मारपीट शुरू हो गई। सूचना मिलते ही पुलिस भी मौके पर पहुंच गई और लोगों को खदेड़ दिया। घटना में जलील, जमील, खलील, और दूसरे पक्ष के बाबू, शरीफ, शकील, पप्पू घायल हो गए। सभी घायलों को जिला अस्पताल भिजवाया गया है।
शहजादनगर एसओ देवराज सिंह का कहना है कि दोनों पक्षों में किसी बात को लेकर मारपीट हो गई थी। पुलिस मामले की जांच कर रही है। तहरीर आने पर रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।