मौसेरे भाई के साथ ससुराल आए संभल के युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। उसकी पत्नी ने पति के मौसेरे भाई पर हत्या का आरोप लगाया है। वहीं, पुलिस ने मामले में दुर्घटना की रिपोर्ट दर्ज की है। संभल के थाना बनियाठेर क्षेत्र के गोपालपुर गांव निवासी किशोर कुमार अपने मौसेरे भाई मुकेश के साथ क्षेत्र के मोतीपुरा गांव में आया था।
मुकेश के मुताबिक सोमवार रात शाहबाद-आवंला मार्ग स्थित भगवंतपुर गांव के पास दोनों बाइक खड़ी कर लघुशंका कर रहे थे। इस बीच तेज गति से आ रहे वाहन ने किशोर को टक्कर मार दी। किशोर की मौके पर ही मौत हो गई। बाइक भी क्षतिग्रस्त हो गई। हादसे की जानकारी मिलने के बाद किशोर की पत्नी सुनीता मौके पर पहुंची।
सुनीता ने पति के मौसेरे भाई पर हत्या करने का आरोप लगाया। सुनीता का कहना है कि अगर हादसा हुआ होता तो पति के शरीर पर गंभीर चोट के निशान होते। ऐसा कुछ नहीं है। पुलिस ने मृतक के पिता लोटन सिंह की तहरीर पर हादसे का मुकदमा कायम करते हुए शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मामले की जांच की जा रही है।