दहेज के लिए विवाहिता को जलाकर मार डालने के आरोप में पुलिस ने पति और सास-ससुर समेत कई अन्य खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है। कोतवाली क्षेत्र के नौसना गांव निवासी रामकृपाल की बेटी ललिता (19) की शादी पांच माह पहले कोतवाली थाना क्षेत्र के पटिया गांव निवासी सनी के साथ हुई थी।
परिजनों के अनुसार दोनों में पहले से ही प्रेम-प्रसंग था। जानकारी होने पर परिवार वालों ने दोनों की शादी कर दी। लड़की पक्ष के अनुसार अपनी हैसियत के मुताबिक दान-दहेज भी दिया था। आरोप है कि ससुराल वाले और दहेज की मांग करने लगे। ससुराल वालों ने उनकी बेटी को दहेज के लिए प्रताड़ित करना शुरू कर दिया।
10 नवंबर को उसको जलाकर मार डाला। मायके वालों का आरोप है कि बेटी की हत्या के बाद ससुराल वालों ने कुछ ग्रामीणों के साथ मिलकर उसका अंतिम संस्कार कर दिया और अस्थियां गायब कर दीं। मामले में ललिता के पति सनी, सास श्याम सुंदरी और ससुर मदनलाल तथा कई अन्य के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई गई है।