डीसीएम सवार सशस्त्र बदमाशों ने गुरुवार की तड़के दलपतपुर के पास एक कंटेनर को अपने कब्जे में ले लिया। इसके बाद उन्होंने चालक और क्लीनर को बंधक बनाकर कंटेनर में डाल दिया। विरोध करने पर उन्हें पीटकर घायल कर दिया। साथ ही इसमें लदे बेबी जानसन पाउडर के कई कार्टून लूट लिए, जिसकी कीमत आठ लाख बताई जा रही है।
कंटेनर गाजियाबाद से कोलकाता जा रहा था। पुलिस ने मामले की रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। वरुणा ट्रांसपोर्ट बरेली का कंटेनर संख्या एचआर-47-बी 2179 बुधवार की रात 11 बजे गाजियाबाद स्थित जानसन बेबी पाउडर के कार्टून लेकर कोलकाता के लिए चला था। जब वह तड़के तीन बजे नेशनल हाईवे पर दलपतपुर के पास पहुंचा।
तभी डीसीएम सवार छह बदमाशों ने गाड़ी को आगे लगाकर कंटेनर पर कब्जा कर दिया। इस दौरान चार बदमाश कंटेनर पर चढ़ गये, जबकि दो लुटेरे डीसीएम को चलाते रहे। सरकड़ा के चालक मोबीन और बरेली के क्लीनर रेहान को बांधकर कंटेनर में डाल दिया। बदमाश कंटेनर को टांडा से दढ़ियाल रोड पर ले गये।
मोहनपुरा के पास बदमाशों ने कंटेनर का ताला तोड़कर उसमें रखे करीब एक सौ दस कार्टून लूट लिये। वहीं, बाकी छोड़कर भागने में सफल हो गये। विरोध करने पर बदमाशों ने चालक और क्लीनर को तमंचे की बट से पीटकर जख्मी कर दिया। दोनों का टांडा में उपचार कराया गया है। चालक ने एक कार्टून की कीमत सात हजार तीन सौ रुपये बताई है। वहीं आठ लाख की लूट से पुलिस में हड़कंप मच गया है। पुलिस ने मामले की रिपोट दर्ज कर दी है।