शाहबाद में लूट के शिकार पशु व्यापारी।
- फोटो : अमर उजाला
आंवला मार्ग पर पशु खरीदने जा रहे बाइक सवार पशु व्यापारी से तमंचे के बल पर बदमाशों ने 3.60 लाख रुपये लूट लिए। विरोध करने पर बदमाशों ने पशु व्यापारी के साथ में मौजूद दो अन्य साथियों की पिटाई कर दी। दिनदहाड़े लूट की वारदात के बाद पुलिस ने मौका मुआयना किया। एसपी साधना गोस्वामी ने बदमाशों को तुरंत गिरफ्तार करने के निर्देश दिए हैं।
दिनदहाड़े लूटपाट की ये वारदात शाहबाद-आंवला मार्ग पर हुई। शहर कोतवाली थाना क्षेत्र के घेर मर्दाना खां निवासी अकरम कुरैशी पशु व्यापारी हैं। सोमवार को वो मिलक थाना क्षेत्र के पिपला मंसूरपुर निवासी उस्मान और आरिफ के साथ बाइक से बरेली के शिवपुुरी में लगी साप्ताहिक बाजार में पशु खरीदने जा रहे थे। शाहबाद-आंवला मार्ग पर पीछे से आए दो बाइक पर सवार चार बदमाशों ने बाइक को ओवरटेक कर तमंचे के बल पर रुकवा लिया।
बदमाशों ने अकरम से रुपये छीनने शुरू कर दिए। विरोध करने पर मारपीट कर तीनों को बुरी तरह घायल कर दिया। बदमाश अकरम से 3.60 लाख रुपये लूटकर ले गए। मोबाइल भी छीन लिया। मामले की जानकारी शाहबाद पुलिस को दी गई। एसपी साधना गोस्वामी एएसपी सहित मौके पर पहुंच गई। घटनास्थल का मौका मुआयना किया। पुलिस को जल्द बदमाशों को पकड़कर खुलासा करने के आदेश दिए। पुलिस ने तहरीर पर रिपोर्ट दर्ज कर ली है। बदमाशों को पकड़ने के लिए आसपास के गांवों में दबिश दी, लेकिन कोई सफलता नहीं मिली।