रामपुर में सोमवार को कार के शीशे तोड़कर पैसे निकाल लिए जाने की जानकारी देते भाकियू नेता हसीब अहमद।
- फोटो : अमर उजाला
सिविल लाइंस थाना क्षेत्र में भारतीय किसान यूनियन के वरिष्ठ मंडल उपाध्यक्ष हसीब अहमद की कार के शीशे तोड़कर बदमाशों ने रुपयों से भरा बैग उड़ा लिया। बैग में 1.85 लाख रुपये बताए गए हैं। जानकारी पुलिस को दी। दिनदहाड़े वारदात से सनसनी मची हुई है। वारदात सिविल लाइंस थाना क्षेत्र में विकास भवन के पास स्थित भाकियू कार्यालय के पास हुई। शहजादनगर थाना क्षेत्र के ककरौवा गांव निवासी भाकियू के वरिष्ठ मंडल उपाध्यक्ष हसीब अहमद अपनी कार से अपराह्न साढ़े तीन बजे कार्यालय पहुंचे।
कार दफ्तर के बाहर खड़ी कर वो कार्यकर्ताओं की मीटिंग में चले गए। हसीब ने बताया कि जब वो दफ्तर में मीटिंग कर रहे थे तभी किसी ने उनकी कार का शीशा तोड़ लिया और कार में रखा रुपयों से भरा बैग उड़ा लिया। इसकी जानकारी उन्हें मीटिंग से वापस लौटने के बाद हुई। कार के शीशे टूटे देख भाकियू नेता के होश उड़ गए। रुपयों से भरा बैग गायब था। कार्यकर्ताओं ने बदमाशों की तलाश की, लेकिन नहीं मिले। जानकारी सिविल लाइंस पुलिस को दी गई।
हसीब के मुताबिक बैग में 1.85 लाख रुपये नगद और लैटर पैड था। वो गेहूं बेचकर रुपये लाए थे। उनके मुताबिक कार में ही रखा प्रधान संजीव का भी बैग गायब है। बैग में दो हजार रुपये थे। मामले की तहरीर पुलिस को दी गई है। हालांकि अभी तक रिपोर्ट दर्ज नहीं हुई है। एएसपी तारिक मोहम्मद के मुताबिक घटना की जानकारी ली जा रही है। कार के शीशे टूट गए और बैग भी उड़ा लिया गया, लेकिन आसपास के दुकानदारों और राहगीरों को इसकी जानकारी तक नहीं हुई। पुलिस ने जब जांच की तो यह बात सामने आई कि आसपास के लोगों को इस घटना की जानकारी ही नहीं है।
24 घंटे में बैग उड़ाने की दूसरी वारदात
रामपुर। 24 घंटे के भीतर कार से बैग उड़ाने की यह दूसरी वारदात है। अजीमनगर थाना क्षेत्र के पैंगा गांव निवासी भूप सिंह सैनी का बैग संस्कार होटल के सामने से चोरों ने उड़ा लिया। पुलिस को इसकी तहरीर दी गई, लेकिन रिपोर्ट दर्ज नहीं हुई। सोमवार को भाकियू नेता की कार के शीशे तोड़कर बैग उड़ा लिया गया। पुलिस इस वारदात को भी हल्के ढंग से ले रही है।