पटवाई थाना क्षेत्र में बुधवार रात बदमाशों ने एक घर पर धावा बोलकर करीब ढाई लाख का माल लूट लिया। विरोध करने पर पिता-पुत्र को पीटकर घायल कर दिया। पुलिस ने डकैती की वारदात की रिपोर्ट को चोरी में दर्ज किया है। ढाई लाख की डकैती का मामला पटवाई थाना क्षेत्र के सिकरौल गांव से जुड़ा है।
यहां के निवासी भूकनलाल परिवार के साथ घर में सो रहे थे। आधी रात के बाद आठ बदमाशों ने उनके घर पर धावा बोल दिया। चार बदमाश उनके दरवाजे पर खड़े हो गए। चार बदमाश दीवार के सहारे घर में घुस गए। बदमाश भूकन लाल के बेटे कुंवरपाल को पीटकर घर से बाहर ले गए।
इसके बाद बदमाशों ने भूकनलाल और परिवार के लोगों को तमंचे के बल पर कमरे में बैठा दिया। इसके बाद लूटपाट शुरू कर दी। भूकनलाल के विरोध करने पर उसको भी बदमाशों ने पीटकर घायल कर दिया। बदमाश यहां से करीब चार किलो चांदी और दस हजार रुपये नगद समेत ढाई लाख का माल लूट ले गए।
बदमाशों के जाने के बाद परिवार के लोगों के शोर मचाने पर गांव के लोग एकत्र हो गए। बदमाशों को तलाशा, लेकिन उनका कहीं पर पता नहीं चला। घायल पिता-पुत्र का उपचार कराया गया। पुलिस भी पहुंच गई। घायल कुंवरपाल ने पुलिस को तहरीर दी। पुलिस ने डकैती की रिपोर्ट दर्ज न करके चोरी की रिपोर्ट दर्ज की है।
सीओ मिलक का कहना है कि तहरीर पर रिपोर्ट दर्ज की गई है। सिकरौल गांव निवासी पीड़ित परिवार और गांव के लोगों का कहना है कि डकैती में कोई अपना शामिल है। उसको घर की सारी जानकारी थी। पुलिस को भी बदमाशों के जाने के बाद मोबाइल और कई अहम सुराग मिले हैं। जल्द ही खुलासा हो सकता है।
पटवाई थाना क्षेत्र के गांव सिकरौल निवासी भूकनलाल के परिवार लोगों को बदमाशों ने तमंचे के बल पर कमरे में बैठा दिया था। लोगों का कहना है कि भूकनलाल पर बदमाशों ने तमंचे से फायर की कोशिश की भी थी। वो मिस हो गया था। करीब एक घंटे तक उत्पात मचाने के बाद बदमाश फरार हो गए। इस दौरान परिवार के लोग दहशत में रहे।