रेडिको खेतान लिमिटेड के वाइस प्रेसिडेंट (एकाउंट्स) आलोक अग्रवाल की कार की बोनट पर मोबिल पड़े होने बात कहकर युवक ने लैपटाप और अन्य आवश्यक कागजात उड़ा दिए। उन्होंने सिविल लाइंस कोतवाली में तहरीर दी है। सिविल लाइंस थाना क्षेत्र के शिवापुरम निवासी आलोक अग्रवाल रेडिको खेतान लिमिटेड में वाइस प्रेसिडेंट (एकाउंट्स) के पद पर तैनात हैं।
वो शनिवार रात खरीदारी करने शौकत अली रोड स्थित सुपर मार्केट में आए थे। उनका कार चालक कार के अंदर ही बैठा था। एक युवक ने चालक से आकर कहा कि कार के बोनट पर मोबिल पड़ा है। चालक कार से बाहर निकलकर बोनट को देखने लगा।
इसी दौरान युवक कार के अंदर रखा लैपटॉप और अन्य कागजात लेकर फरार हो गया। कार चालक ने जब लैपटॉप गायब देखा तो शोर मचाना शुरू कर दिया। मामले की जानकारी पुलिस को दी गई। पुलिस भी वहां पहुंच गई। आलोक अग्रवाल ने सिविल लाइंस कोतवाली पहुंचकर तहरीर दी है।