भोट थाना क्षेत्र के खौदपुरा गांव में छोटे शाह की हत्या किसी और ने नहीं, बल्कि उसके इकलौते बेटे ने ही की थी। जमीन में हिस्सा न देने और आए दिन अपमानित किए जाने से नाराज होकर फरजंद ने अपने ही पिता का खून कर डाला। पुलिस ने वारदात का खुलासा करते हुए आरोपी बेटे को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी चचिया ससुर की तलाश जारी है। भोट थाना क्षेत्र के खौदपुरा गांव में 28 मार्च की रात 65 वर्षीय छोटे शाह की हत्या कर दी गई थी।
उसको धारदार हथियारों से हमला कर मारा गया था। अगले दिन 29 मार्च को मामले की रिपोर्ट मृतक के बेटे फरजंद अली ने भोट थाने में दर्ज कराई थी। पुलिस की तफ्तीश में जो खुलासा हुआ वो चौकाने वाला था। छोटे शाह का कातिल कोई और नहीं, बल्कि उसका इकलौता बेटा ही निकला। पूछताछ के दौरान फरंजद टूट गया और उसने अपना गुनाह कबूल कर लिया। गुरुवार को आरोपी बेटे को पुलिस ने जेल भेज दिया।
एएसपी तारिक मोहम्मद ने बताया कि छोटे शाह की हत्या उसके ही इकलौते बेटे फरजंद ने की थी। फरजंद ने वारदात को अंजाम खेड़ा टांडा निवासी अपने चचिया ससुर रईस अहमद के साथ मिलकर दिया था। फरजंद ने कबूल किया कि उसके पिता बहुत गुस्से वाले थे। आए दिन उसे अपमानित करते थे। जमीन में हिस्सा भी नहीं दे रही थे। 22 दिन को छोटे शाह के सामने जब वो भोजन लेकर गया तो उस पर उसके पिता ने भोजन ही फेंक दिया था।
इससे वो आहत था। उसने उसी दिन पिता के कत्ल की योजना बना डाली और अपने चचिया ससुर को भी शामिल कर लिया। घटना वाली रात दोनों छोटे शाह के पास पहुंचे। उन पर धारदार हथियार से हमला किया, जिससे छोटे शाह की मौत हो गई। एएसपी ने बताया कि आरोपी बेटे को गिरफ्तार कर लिया गया है। हत्या में प्रयुक्त पाटल और सब्बल भी बरामद किया गया है। चचिया ससुर को गिरफ्तार करने के लिए दबिश दी जा रही है।
पिता फरजंद को आए दिन अपमानित करते थे। जमीन में हिस्सा भी नहीं दे रहे थे। एक दफा तो उसके पिता ने उस पर भोजन ही फेंक दिया। गाली गलौज से फरजंद खुद को अपमानित महसूस कर रहा था। ये बात खुद फरजंद अली ने पुलिस के सामने कबूली। उसका कहना था कि उसके पिता 22 दिन बाद अहमदाबाद गांव पहुंचे थे। उसके ऊपर भोजन की थाली दे मारी। इस अपमान को वो बर्दाश्त नहीं कर सका।