सैफनी चौकी क्षेत्र में बृहस्पतिवार रात एक शादी समारोह में हर्ष फायरिंग के दौरान गोली लगने से दूल्हे के चाचा की मौत हो गई। देखते ही देखते शादी की खुशियां मातम में बदल गईं। मौके पर अफरातफरी का माहौल हो गया।
सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया। पुलिस ने इस मामले में रिपोर्ट दर्ज कर दूल्हे के भाई को हिरासत में ले लिया है। घटना चौकी क्षेत्र के करनपुर की मढ़ईया गांव का है।
पुलिस के अनुसार गांव निवासी प्रधान महेंद्र सिंह के बेटे अजय की शादी का कार्यक्रम चल रहा था। शुक्रवार को अजय की बारात थाना क्षेत्र के सुजानपुर जानी थी। शादी समारोह में शामिल होने के लिए बृहस्पतिवार शाम अलफगंज निवासी श्रीराम का पुत्र अंतरेश (28) भी पहुंचा हुआ था। शादी समारोह में घर पर डीजे पर नाते-रिश्तेदार नाच गा रहे थे। इस बीच तमंचे से फायरिंग होने लगी।
फायरिंग के दौरान एक गोली अंतरेश के दायी ओर सीने में जा लगी, जिससे वह लहूलुहान हो होकर जमीन पर गिर गए। देखते ही देखते मौके पर अफरातफरी का माहौल हो गया। रिश्तेदार और ग्रामीण अंतरेश को तुरंत वाहन से उपचार के लिए अस्पताल लेकर जा रहे थे। लेकिन गंभीर रूप से घायल अंतरेश ने रास्ते में जाते दम तोड़ दिया।
घटना की जानकारी अंतरेश के चचेरे भाई विकास ने अपने परिजनों को दी। रात में ही परिजनों ने आकर मामले की जानकारी पुलिस को दी। मौके पर पहुंचकर पुलिस ने लोगों से घटना की जानकारी ली। पुलिस ने दूल्हे के चाचा की मौत के मामले में दूल्हे के भाई आरोपी गुड्डू (23) को हिरासत में लेकर जांच शुरू कर दी है।