दुबई में रहने वाले एक इंजीनियर ने फर्जी आईडी पर एक नहीं, बल्कि चार पासपोर्ट बनवा डाले। गृह मंत्रालय के संज्ञान में आने के बाद जब जांच की गई तो ये बात सामने आई कि दुबई में रहने वाले इंजीनियर ने तीसरी शादी केमरी थाना क्षेत्र की युवती से की थी।
मामले की रिपोर्ट दर्ज होने के बाद अब उसकी गिरफ्तारी के लिए बरेली पुलिस ने प्रयास शुरू कर दिए हैं। बरेली के बिहारीपुर निवासी कैलाश चंद्र ने गृह मंत्रालय से कुछ समय पहले शिकायत की थी कि मो. असलम नाम के व्यक्ति ने फर्जी आईडी के जरिये चार पासपोर्ट बनवाए हैं।
एक पासपोर्ट में खुद का पता बिलासपुर कोतवाली क्षेत्र के ज्वालापुर गांव बताया है। उसने महाराष्ट्र, बरेली के पते पर भी पासपोर्ट बनवा लिए हैं। मामले की जांच एनआईए ने खुफिया तंत्र से कराई। पुष्टि हुई कि मो. असलम दुबई में रहता है और उसने फर्जी आईडी के जरिये चार पासपोर्ट बनवा लिए।
पुष्टि होने के बाद इस मामले की रिपोर्ट बरेली के फतेहगंज थाने में दर्ज कराई गई। एलआईयू की जांच रिपोर्ट के मुताबिक असलम ने अपना जन्मस्थान ज्वालापुर ठाणे, कार्तिक रेजीडेंसी विजयनगरी बाधाबिल नाका बताया था। इसके अलावा उसने तीसरी शादी केमरी थाना क्षेत्र केमरी से युवती से की।
उसका भी फर्जी पासपोर्ट बनवाया। पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज करने के बाद मामले की जांच शुरू कर दी है। इसके लिए रेड कार्नर नोटिस भी जारी किया जा रहा है।