कस्बे में अज्ञात लोगों ने प्रधान पद की प्रत्याशी के देवर को गोली मारकर जख्मी कर दिया। पुलिस ने तीन हमलावरों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर घायल को इलाज के लिए अस्पताल भेज दिया। गोली मारने का कारण चुनावी रंजिश बताई गई है। कस्बा निवासी मोहम्मद आलिम की भाभी सैफनी ग्राम पंचायत से प्रधान पद की प्रत्याशी हैं।
देवर मोहम्मद आलिम और परिवार के लोग प्रचार में लगे हैं। बताते हैं कि बुधवार रात 12 बजे मोहम्मद आलिम प्रचार कर कस्बे के मोहल्ला खेड़ा से बाइक पर लौट रहे थे। आरोप है कि खेड़ा मोहल्ले से निकलते ही रास्ते में खड़े तीन अज्ञात लोगों ने मो. आलिम को घेर लिया। जान से मारने की नीयत से उन पर तमंचे से फायर झोंक दिया।
मोहम्मद आलिम के एक टांग में गोली लग गई। फायरिंग की आवाज सुनकर लोगों को आता देख हमलावर भाग गए। पुलिस ने घायल की ओर से तीन अज्ञात लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है। घायल को इलाज के लिए शाहबाद सीएचसी भेजा गया। डाक्टरों ने घायल को जिला अस्पताल रेफर कर दिया। गोली मारने का कारण चुनावी रंजिश दर्शाई गई है।