सीआरपीएफ आतंकी हमले के मामले के आरोपियों को गिरफ्तार करने वाली एसटीएफ की टीम में शामिल यूपी पुलिस के दरोगा ने कोर्ट में पहुंचकर गवाही दी। उन्होंने अपनी गवाही में साफ कहा कि हमने ही आरोपियों को गिरफ्तार किया था। 31 दिसंबर 2007 की रात सीआरपीएफ ग्रुप सेंटर पर हुए आतंकी हमले के मामले की कोर्ट में सुनवाई चल रही है।
हाईकोर्ट के आदेश पर इन दिनों रोजाना सुनवाई हो रही है। गुरुवार को इस मामले में सभी आरोपियों को पेश किया गया। अभियोजन की ओर से एसटीएफ की टीम में शामिल मुरादाबाद के मूंढापांडे के तत्कालीन एसओ रघुराज सिंह को कोर्ट में गवाही के लिए पेश किया गया। उन्होंने कहा कि आरोपियों की गिरफ्तारी के वक्त वो एसटीएफ की टीम के साथ थे।
उनकी मौजूदगी में आरोपियों को गिरफ्तार किया गया था। बचाव पक्ष की ओर से जिरह की गई, जिसका उन्होंने जवाब दिया। रघुराज की गवाही पूरी हो गई है। सुनवाई के दौरान बचाव पक्ष की ओर से अधिवक्ता ने एक प्रार्थना-पत्र दिया, जिसमें इस मामले की सुनवाई पांच जनवरी को कराने की प्रार्थना की गई, जिसे कोर्ट ने स्वीकार कर लिया।