सीआरपीएफ आतंकी हमले में फर्जी पासपोर्ट के आरोपी फईम अरशद अंसारी के मामले के विवेचक ने कोर्ट में पेश होकर अपनी गवाही दी। उन्होंने साफ कहा कि डोजियर सिस्टम के जरिये ही फईम के पासपोर्ट फर्जी होने की जानकारी मिली थी।
31 दिसंबर 2007 की रात सीआरपीएफ कैंप पर हुए आतंकी हमले के मामले की सुनवाई इन दिनों कोर्ट में चल रही है। सोमवार को भी इस मामले की सुनवाई हुई। सुनवाई के दौरान हालांकि कोई भी आरोपी कोर्ट में पेश नहीं हुआ। फर्जी पासपोर्ट के आरोपी फईम अरशद अंसारी के मामले के विवेचक एसएच बराच ने कोर्ट में पेश होकर गवाही दी।
गवाही के दौरान उन्होंने अपने पूर्व के बयानों की पुष्टि की। कहा कि फर्जी पासपोर्ट की पुष्टि डोजियर सिस्टम के जरिये हुई थी। कहा कि फईम ने फर्जी तरीके से पासपोर्ट बनाया था। घटनास्थल का निरीक्षण भी उन्होंने किया था। बचाव पक्ष की ओर से अधिवक्ताओं ने जिरह की। मामले में सुनवाई अब मंगलवार को होगी।
फोर्स के चुनाव में व्यस्त होने की वजह से पुलिस सीआरपीएफ के आरोपियों की पेशी कोर्ट में नहीं कर सकी। इस वक्त पंचायत चुनाव चल रहे हैं, जिसकी वजह से फोर्स व्यस्त है। इसके चलते सोमवार को आतंकियों को पेश नहीं किया जा सका।