मैगी के ब्रांड अंबेसडर्स के खिलाफ मुकदमा दायर करने का मामला अब सेशन कोर्ट पहुंच गया है। सेशन कोर्ट ने इस मामले की सुनवाई शुरू करते हुए फिल्म अभिनेता अमिताभ बच्चन,माधुरी दीक्षित, प्रीति जिंटा समेत चार को नोटिस जारी किया है। इस मामले की सुनवाई 16 नवंबर को होगी। इस मामले को पहले निचली अदालत खारिज कर चुकी है।
अधिवक्ता मोहम्मद रेहान खां ने मैगी के ब्रांड अंबेसडर्स के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराने के लिए कुछ समय पहले निचली अदालत में वाद दायर किया था। उनका कहना था कि ब्रांड अंबेसडर्स के विज्ञापनों से प्रभावित होकर उन्होंने परिवार समेत मैगी नूडल्स का सेवन किया, जिसके बाद उनकी हालत बिगड़ गई थी। इलाज के बाद ही उनकी तबियत ठीक हुई थी।
उन्होंने इस मामले में उत्पाद के ब्रांड अंबेसडर अमिताभ बच्चन, माधुरी दीक्षित व प्रीति जिंटा केसथ ही कंपनी के मैनेजर रजत कुमार जैन के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराने की अपील की थी,लेकिन कोर्ट ने अधिवक्ता की दलील को खारिज करते हुए उनके प्रार्थना पत्र पर रिपोर्ट दर्ज कराने के अपील को खारिज कर दिया था।
निचली अदालत के फैसले के खिलाफ अधिवक्ता ने अह सेशन कोर्ट का दरवाजा खटखटाया है। सेशन कोर्ट ने इस मामले को स्वीकार कर लिया है और ब्रांड अंबेसडर के साथ ही कंपनी के मैनेजर को नोटिस जारी किया है। सेशन कोर्ट अब इस मामले की सुनवाई 16 नवंबर को करेगा।