तस्करों को गाइड कर रहा था बाइक सवार
बताया जाता है कि पशुओं से भरे ट्रक को उसके आगे चल रहा बाइक सवार युवक तन्नू गाइड करते हुए केमरी की ओर ले जा रहा था। पुलिस को आता देखकर ट्रक का चालक घबरा गया। उसने बाइक पर ही ट्रक को चढ़ा दिया। इससे बाइक क्षतिग्रस्त हो गई और युवक घायल हो गया। पशु तस्करों के पथराव करने के दौरान युवक वहां से फरार हो गया। पुलिस ने बाइक सवार युवक को तलाशने का प्रयास किया, लेकिन वो हाथ नहीं आया। स्थानीय लोगों का कहना है कि ट्रक चालक ने कुछ वाहनों और पुलिस की जीप को टक्कर मार दी थी।
पहाड़ी गेट के पास पशुओं से भरा ट्रक पकड़ने पहुंची पुलिस पर तस्करों ने पथराव कर उनकी जीप को क्षतिग्रस्त कर दिया। पथराव के दौरान कुछ राहगीर और पुलिसकर्मी भी घायल हो गए। हालांकि पुलिस घायल होने से इंकार कर रही है। शनिवार सुबह काफी संख्या में फोर्स को देखकर पहाड़ी गेट के पास रहने वाले मोहल्ले के लोग दहशत में आ गए। कुछ लोग घरों के दरवाजे बंद अंदर घुस गए। आस पास के ठेले और दुकान वालों ने भी अपने शटर गिरा दिए। कई घंटे तक वहां पर दहशत का माहौल बना रहा।
गंज थाना प्रभारी जीत सिंह ने बताया कि आरोपी लोगों के खिलाफ एक रिपोर्ट बरेली के मीरगंज थाने में दर्ज की गई है, जबकि एक रिपोर्ट रामपुर में दर्ज की गई है। गंज पुलिस का कहना है कि पशु तस्करों ने बरेली में एक दरोगा को बुुुरी तरह से घायल कर दिया था।