सैदनगर (रामपुर)। अवैध तरीके से गेहूं खरीद के मामले में अफसरों ने दुकानदार के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज करा दी है। यह रिपोर्ट मार्केटिंग इंस्पेक्टर की ओर से दर्ज कराई गई है। साथ ही दुकानदार का लाइसेंस निरस्त करने की कार्रवाई भी शुरु कर दी गई है।
मामला ग्राम खौद का है। बुधवार को नगर मजिस्ट्रेट सर्वेश कुमार गुप्ता, तहसीलदार संजय सिंह, मंडी सचिव अरूण कुमार, मार्केटिंग इंस्पेक्टर अंकुर सिंह ने खौद चौराहा स्थित मैसर्स पहलवान ट्रेडर्स पर छापा मारा था, जहां करीब चार सौ कुंटल गेहूं मिला था। गेहूं को सील करते हुए अधिकारियों ने दो किसानों के भी बयान दर्ज किए थे। दोनों किसान नफीस 22 कुंटल एवं कुंवरपाल 19 कुंटल गेहूं बेचने आए थे। अफसरों ने गेहूं सील करते हुए दुकानदार के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराने के निर्देश दिए थे। इस पर मार्केटिंग इंस्पेक्टर अरूण सिंह ने दुकानदार शादाब के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज करा दी। साथ ही मंडी सचिव के स्तर पर दुकानदार का लाइसेंस निलंबित करने की कार्रवाई भी शुरु कर दी गई है। नगर मजिस्ट्रेट सर्वेश कुमार गुप्ता ने बताया कि गेहूं की अवैध खरीद किसी भी कीमत पर स्वीकार नहीं की जाएगी। बिचौलिए किसानों को सरकार द्वारा दिया जा रहा लाभ दिलाने में रोड़ा बनने का काम कर रहे हैं। उन्होंने बताया कि मार्केटिंग इंस्पेक्टर की ओर से दुकानदार शादाब के खिलाफ थाना अजीमनगर में रिपोर्ट दर्ज करा दी गई है।