दढ़ियाल (रामपुर)। टांडा -बाजपुर मार्ग पर सरकथल के पास स्कार्पियो ने बाइक सवार चावल कारोबारी और उसके साथी युवक को रौंद दिया। हादसे में दोनों गंभीर रुप से घायल हो गए। अस्पताल ले जाते चावल कारोबारी की रास्ते में मौत हो गई। घायल युवक को गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती कराया गया है। हादसे के बाद सड़क किनारे गड्ढे में गिरी स्कार्पियो को चालक छोड़कर फरार हो गया। पुलिस ने स्कार्पियो को कब्जे में कर लिया है। परिजनों ने स्कार्पियो चालक के खिलाफ पुलिस को तहरीर दी है।
काशीपुर मार्ग निवासी चावल कारोबारी हाजी शबूर कस्बा निवासी साथी युवक इरफान अहमद के साथ कारोबार के सिलसिले में टांडा गए थे। लौटते समय टांडा - बाजपुर मार्ग पर सरकथल के पास उनकी बाइक को सामने से आती तेज रफ्तार स्कार्पियो ने रौंद दिया। हादसे में दोनों बाइक सवार गंभीर रूप से घायल हो गए।सूचना पर पुलिस और घायलों के परिजन मौके पर पहुँच गए। परिजन दोनों घायलों को निजी वाहन से काशीपुर ले गए। इस दौरान रास्ते में चावल कारोबारी ने दम तोड़ दिया। चावल कारोबारी की मौत से परिजनों में कोहराम मचा है। वहीं गंभीर घायल युवक को काशीपुर के अस्पताल में भर्ती कराया गया है ।