भिवानी। शहर के पॉश इलाका सेक्टर 13 की हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी में घर से मंदिर गई बुजुर्ग महिला से दो बाइक सवार युवक हाथ से सोने का कंगन छीनकर फरार हो गए। मामले की शिकायत सिविल लाइन पुलिस को दी गई। पुलिस ने स्नेचिंग का केस दर्ज कर तहकीकात शुरू कर दी।
पुलिस को दी शिकायत में आबकारी एवं कराधान विभाग में बतौर सहायक के पद पर तैनात अनिल कुमार ने बताया कि उसके पिता प्रताप सिंह 1971 की लड़ाई में शहीद हो गए थे। उनकी मां एवं शहीद की पत्नी सुरजबाई सेक्टर 13 की हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी में उसी के साथ रहती हैं। मां रोजाना मंदिर में पूजा करने जाती हैं। एक मई की सुबह करीब बजे उसकी मां सुरजबाई सेक्टर में ही वृद्धाश्रम के पास बने मंदिर में गई हुई थी। मंदिर से जब उसकी वापस लौट रही थी तो रास्ते में उसे बाइक पर सवार दो युवक मिले। बाइक पर सवार एक युवक ने उसकी मां को रास्ते में रोक लिया और कहा कि वो पर्ची काटते हैं, जिसमें 10 पैसे के बदले 20 पैसे हो जाते हैं। यह सुनकर उसकी मां ने उन युवकों से कहा कि उसे कोई पर्ची नहीं कटवानी है और न ही उसके पास कोई पैसे हैं। इतना कहकर वह चलने लगी तो इसी दौरान युवक ने उसे बातों में उलझा लिया। आरोपी युवकों ने उसकी मां को धक्का देकर उसके हाथ में डेढ़ तोले का सोने का कंगन छीन लिया और फरार हो गए। महिला ने घर पहुंचकर परिजनों को बताया और मामले की शिकायत सिविल लाइन पुलिस थाने में दी गई। पुलिस ने अनिल कुमार की शिकायत पर उसकी मां सुरजबाई से सोने का कड़ा छीनने के मामले में स्नेचिंग का केस दर्ज कर तहकीकात शुरू कर दी।