लकड़ी कारोबारी के घर से चार लाख की चोरी
रामपुर। गंज थाना क्षेत्र में चोर लकड़ी कारोबारी के घर को निशाना बनाकर वहां से चार लाख का माल समेट कर ले गए। दिन निकलने पर चोरी का पता चला। पुलिस को इस मामले में तहरीर दे दी। पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है।
गंज थाना क्षेत्र के पंखेवालान निवासी आशिफ पेशे से लकड़ी कारोबारी है। रोजाना की तरह वह शनिवार रात घर में सो रहा था। आधी रात के बाद चोर छत के सहारे उसके घर में घुस गए। उसके बाद चोर कमरे में रखी अलमारी के ताले तोड़कर वहां से नकदी व आठ तोले सोने के जेवर सहित करीब चार लाख का माल समेट कर ले गए। अगले दिन निकलने पर परिवार के लोग जब उस कमरे में गए, तो वहां पर सारा सामान बिखरा देखकर परिवार के लोगों के होश उड़ गए। उनके शोर मचाने पर आस पास के लोग मौके पर एकत्र हो गए। बाद में सूचना के बाद पुलिस भी मौके पर पहुंच गई जहां मौका मुआयना करने के बाद पुलिस वहां से चली आई। गुड़िया की तहरीर के आधार पर पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।