नानी नमस्ते... पैर छूए और लूट लिए जेवर
शाहबाद (रामपुर)।
एक संदिग्ध युवक पहुंचते ही झट से कुर्सी पर बैठी आशा कार्यकर्ता को नानी कहकर नमस्ते किया। अभी महिला कुछ समझ पाती इससे पहले ही युवक उसके पैर छू लिए। इसके बाद शातिर ने महिला को बातों में उलझाकर उनकी आंखें खराब होने की बात कहकर नशीली गोली खिला दी, जिससे आशा कार्यकर्ता बेहोश हो गईं। इसके बाद आरोपी महिला के मंगलसूत्र व कानों के कुंडल लूटकर भाग गया।
कोतवाली क्षेत्र के हिम्मतपुर गांव निवासी उर्मिला देवी आशा कार्यकर्ता हैं। सोमवार दोपहर वह शाहबाद के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र गई थीं। बताया जा रहा है कि इंडोर वाले बरामदे में वह कुर्सी पर बैठी थी। इसी दौरान एक अनजान युवक आया और उसने महिला को नानी नमस्ते बोलकर झट से पैर छुए और उसके बाद उनके बराबर वाली कुर्सी पर बैठ गया। कुर्सी पर बैठने के बाद युवक ने कहा कि नानी मैं अपनी आंखें दिखाने आया था। इसी बीच युवक बोला.. अरे नानी तुम्हारी आंखें भी खराब हो रही हैं। अस्पताल में से दवा ले लो। इसके बाद युवक ने जिद करते हुए आशा कार्यकर्ता को ताजा पानी लाकर एक नशीली गोली खिला दी। गोली खाते ही आशा कार्यकर्ता बेहोश हो गई और युवक महिला का मंगलसूत्र व सोने के कुंडल लेकर रफूचक्कर हो गया। इंडोर के बरामदे में कुर्सी पर आशा कार्यकर्ता को बेहोश देख वहां पर मौजूद एएनएम ने तत्काल मामले की जानकारी चिकित्साधीक्षक डा. बी लाल को दी। उन्होंने आनन-फानन में आशा कार्यकर्ता को अस्पताल में भर्ती कराया। साथ ही मामले की जानकारी उसके परिजनों को दी। शाम को आशा कार्यकर्ता ने होश आने पर बताया कि नानी कहकर पैर छूने वाले युवक ने उसे एक गोली खिलाई थी। गोली खाने के बाद उसे नहीं पता क्या हुआ। उसके गले का मंगलसूत्र तथा कानों के कुंडल गायब है। उसके पास मौजूद पर्स भी बरामदे में पड़ा मिला था। कोतवंाली प्रभारी रवींद्र प्रताप सिंह का कहना है कि अभी महिला बेहोशी की हालत में है। नशा उतरने के बाद पूछताछ कर आरोपी के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।