गृहकार्य न करने पर स्कूल में शिक्षक ने छात्र को पीटा, रिपोर्ट दर्ज
रामपुर। होमवर्क न करने पर शिक्षक ने छात्र की पिटाई कर दी। छात्र ने घर पहुंचकर इसकी शिकायत परिजनों से की। इस पर छात्र की मां ने पिटाई करने के आरोपी शिक्षक के खिलाफ पुलिस को तहरीर दी। तहरीर के आधार पर पुलिस ने आरोपी शिक्षक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है।
गंज थाना क्षेत्र के पक्काबाग निवासी अजहरा परवीन का बेेटा ईस्ट वेस्ट स्कूल में कक्षा आठ का छात्र है। उसके शिक्षक आलम ने गणित में होमवर्क करने को दिया था लेकिन वह करके नहीं ले गया। आरोप है कि होमवर्क न करके ले जाने पर शिक्षक आलम को गुस्सा आ गया और उन्होंने उसकी पिटाई कर दी। छुट्टी होने के बाद वह घर गया जहां उसने परिजनों को सारा मामला बताया। बाद में छात्र की मां ने इस मामले की शिकायत सिविल लाइंस थाने में जाकर की और आरोपी शिक्षक के खिलाफ कार्रवाई के लिए पुलिस को तहरीर दी। इस आधार पर पुलिस ने आरोपी शिक्षक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है।