कांग्रेसी नेता पर चाकू से हमला, घायल
रामपुर।
दुकान के किराये को लेकर दो पक्ष आमने सामने आ गए। इस दौरान हुई चाकूबाजी में कांग्रेस के जिला प्रवक्ता और मस्जिद के मुतवल्ली भी जख्मी हो गए। घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस को मामले की सूचना दे दी गई है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है। देर शाम तक मामले की रिपोर्ट दर्ज नहीं हुई है।
कांग्रेस के जिला प्रवक्ता सिफत अली खां शहर कोतवाली क्षेत्र के मुहल्ला राजद्वारा में रहते हैं। यहां पर मस्जिद की दुकानों में ही उनकी टेलरिंग शाप है। दुकान के किराये को लेकर मस्जिद कमेटी के लोगों से उनका विवाद चल रहा है। इसी विवाद के चलते बुधवार को शाम को कुछ लोगों ने उन्हें घेर लिया और फिर दोनों के बीच जमकर मारपीट हो गई। मारपीट के दौरान चाकू से हमला किया गया। हमले में कांग्रेसी नेता सिफत अली के साथ ही दूसरे पक्ष के मस्जिद के मुतवल्ली जलील अहमद भी घायल हो गए। घायलों को जिला अस्पताल ले जाया गया। मामले की सूचना पुलिस को दी गई है। सूचना पाकर पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। शहर कोतवाल आशुतोष सिंह ने बताया कि मस्जिद की दुकान के किराये को लेकर कांग्रेसी नेता और मस्जिद के मुतवल्ली के बीच विवाद चल रहा था। इसी विवाद के चलते दोनों पक्षों में मारपीट हो गई। मामले की तहरीर अभी नहीं आई है। तहरीर आने पर मुकदमा कायम किया जाएगा। कांग्रेसी नेता का कहना है कि उनके पास सालों से दुकान किराये पर है। दुकान के लिए पहले मस्जिद कमेटी ने एक लाख रुपये की मांग की थी,लेकिन बाद में इसके लिए चार लाख मांग रहे थे। इसी को लेकर विवाद हुआ। उन पर जानलेवा हमला किया गया है।