रामपुर। गंज थाना क्षेत्र के मोहल्ला फकीरों वाली फाटक निवासी मासूम अली की हत्या में पुलिस ने निर्दोष को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था। ऐसा कोई और नहीं कह रहा है बल्कि पुलिस ही दावा कर रही है। पुलिस की नई थ्योरी के मुताबिक मासूम अली की हत्या उसकी पत्नी ने अपने प्रेमी के साथ मिलकर की थी। दोनों को गिरफ्तार कर लिया गया है और इस मामले में पहले से गिरफ्तार चल खलील की रिहाई के लिए न्यायालय को रिपोर्ट भेजी जा रही है।
17 अप्रैल को गंज थाना क्षेत्र के फकीरों वाला फाटक निवासी मासूम अली की कुछ लोगों ने घर में घुसकर चाकू से हत्या कर दी थी। मासूम अली के भाई की तहरीर पर गंज थाना की पुलिस ने बब्बू, नूर आलम, अब्दुल और खलील के खिलाफ आईपीसी की धारा 302 के तहत रिपोर्ट दर्ज कर ली थी। इस मामले में पुलिस ने खलील को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था और अन्य आरोपियों की तलाश जारी थी। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही थी और संज्ञान में आया कि मासूम अली की हत्या उसकी पत्नी ने अपने कथित प्रेमी के साथ मिलकर की थी। क्योंकि उसे दोनों के बीच अवैध संबंध की जानकारी हो गई थी। इस मामले में पुलिस ने मासूम की पत्नी बब्बो और वसीम को गिरफ्तार कर लिया है।
शनिवार को एसपी शिवहरि मीना ने प्रेस कांफ्रेंस कर इस हत्याकांड में नया खुलासा किया। उन्होंने बताया कि वसीम मृतक मासूम अली का बहनोई है। उसने पूछताछ में पुलिस को बताया कि उसका मासूम अली की पत्नी बब्बो के साथ संबंध थे। इस बात की जानकारी मासूम अली को हो गई थी। इसके बाद से वह अपनी पत्नी को परेशान किया करता था। दोनों ने मिलकर योजना बना ली थी। दोनों ने रात के अंधेेरे में घर में घुसकर उसकी चाकू से गोदकर हत्या कर दी थी। बाद में उसने एक प्लाट में चाकू और खून में सने हुए कपड़ों को छुपा दिया था। पुलिस ने निशानदेही पर बरामद कर लिए। उसके बाद दोनों को कोर्ट में पेश किया। जहां से उनको जेल भेज दिया गया। एसपी ने इस हत्या का खुलासा करने वाली टीम को पांच हजार का ईनाम घोषित किया।