रामपुर। फर्जी दस्तावेजों के सहारे फौजी में नौकरी पाने वाले युवक को पटवाई पुलिस ने गिरफ्तार करने के बाद कोर्ट में पेश किया जहां से उसे जेल भेज दिया गया। इस मामले में दो आरोपी पहले से ही जेल में है।
बुलंदशहर के थाना देहात के मैसानी निवासी मुनेंद्र के बेटे अनिल ने दो साल पहले पटवाई थाना क्षेत्र के गांव ढोलसर के फर्जी पते के सहारे नौकरी पा ली थी। ट्रेनिंग के दौरान उसका पटवाई थाने में कागजों का सत्यापन होने आया था। इसके बाद पुलिस उस गांव में पहुंच गई थी लेकिन इस नाम का कोई युवक नहीं मिला था। इस दौरान दो लोग उसकी सिफारिश में आए थे। पुलिस ने उन दोनों पर शक होने पर जब सख्ती से पूछताछ की,तो सारा मामला प्रकाश में आ गया था। इसके बाद पुलिस ने इस मामले में चार लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली थी। इस फर्जी मामले में पुलिस ने मनोज कुमार और कुलदीप को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था। अनिल करीब डेढ़ साल से फरार चल रहा था। शुक्रवार की रात को पुलिस ने उसको भी गिरफ्तार करने के बाद कोर्ट में पेश किया जहां से वह जेल चला गया। बचे आरोपी को पुुलिस तलाश रही है।