विष्णु विहार में रिटायर्ड बैंक कर्मचारी के घर लाखों की चोरी
रामपुर।
सिविल लाइंस कोतवाली क्षेत्र की विष्णु विहार कालोनी में रिटायर्ड बैंक कर्मचारी के बंद मकान में चोरों ने चार लाख रुपये का सामान समेट लिया। घटना की जानकारी बैंक कर्मचारी को दे दी गई है। जानकारी होने के बाद परिवार के लोग रामपुर के लिए रवाना हो गए हैं।
लाखों रुपये की चोरी की यह वारदात सिविल लाइंस कोतवाली क्षेत्र के विष्णु विहार कालोनी की है। कालोनी निवासी अशोक कुमार तिवारी स्टेट बैंक आफ इंडिया से रिटायर्ड कर्मचारी हैं। वह अपनी बेटी और पत्नी के साथ फतेहपुर गए हुए हैं। उन्होंने अपने मकान का ताला लगा रखा था। चोर उनके मकान की दीवार कूदकर उनक़े मकान में घुस गए,जहां चोरों ने कमरे के ताले तोड़ लिए। चोरों ने इस दौरान अलमारी खंगाली,जिसमें जेवरात समेट लिए। साथ ही चोर यहां रखा कीमती सामान समेट कर ले गए। मामले की जानकारी पड़ोसियों को उस वक्त हुई जब मकान के ताले खुले हुए पाए। लोगों ने घटना की जानकारी फोन के जरिए रिटायर्ड बैंक कर्मचारी को दी। सूचना मिलने के बाद वह फतेहपुर से रामपुर के लिए रवाना हो गए हैं। देर शाम तक वह रामपुर नहीं पहुंचे थे। इसलिए अभी पुलिस को भी सूचना नहीं दी गई है। चोरी गए सामान की कीमत करीब चार लाख रुपये बताई गई है। पड़ोसियों का कहना है कि चोरी गए सामान की कीमत की जानकारी परिवार के आने के बाद ही हो पाएगी।