तालाब में मिला नवजात कन्या का शव, पीएम को भेजा
रामपुर। तालाब में एक नवजात कन्या का शव मिलने की घटना ने बेटियों को बचाने और आगे बढ़ाने की तमाम कोशिशों को एक बार फिर झटका दिया है। एक मां ने न सिर्फ अपनी ममता का गला घोंटा है बल्कि मानवता को भी शर्मसार किया है। नवजात कन्या के शव की सूचना पर पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया है।
उसने अभी इस दुनिया में आकर आंखें भी न खोलीं थी उसे जन्म देने वाले ही उसका काल बन गए। समाज की लोकलाज की बेड़ियों में जकड़ी किसी अनब्याही मां ने अपना ममता का गला घोंटा हो या फिर बेटियों को कम आंकने की दकियानूसी सोच वाली किसी मां ने परिजनों के दबाव में ऐसा किया हो। वजह कुछ भी लेकिन, एक बेटी ने पैदा होते ही दम तोड़ दिया। पटवाई थाना क्षेत्र में रविवार सुबह तालाब में एक नवजात कन्या के शव की सूचना ने सनसनी फैला दी। मौके पर तमाम ग्रामीणों की भीड़ लग गई। लोगों ने कई तरह की चर्चाएं भी की और सूचना पर पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। लेकिन, यह सब बातें उस नवजात के लिए बेकार थीं, जो मां की बेरुखी के कारण दुनिया में चंद सांसे भी न ले सकी। पुलिस ने नवजात के शव को कब्जे में लेकर पीएम के लिए जिला अस्पताल भिजवा दिया है।