रामपुर। आरा मशीन के मजदूर को पीटकर मार देने के मामले में पुलिस ने आखिरकार एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने उसे गिरफ्तार करते हुए जेल भेज दिया है। इस मामले में दो आरोपी अभी पुलिस की पकड़ से दूर हैं।
मामला सिविल लाइंस कोतवाली क्षेत्र के पहाड़ी गेट स्थित कांशीराम कालोनी से जुड़ा हुआ है। कांशीराम कालोनी निवासी सैफ अली राजकीय पालिटेक्निक कालेज के निकट स्थित आरा मशीन में मजदूरी करता था। पांच दिन पहले उसका विवाद किसी बात को लेकर आरा मशीन पर काम करने वाले कुछ युवकों से हो गया था,जिसके बाद सैफ को जमकर पीटा गया था। सैफ को गंभीर हालत में पहले जिला अस्पताल में भर्ती कराया था,लेकिन हालत गंभीर होने पर उसे दिल्ली रेफर कर दिया। दिल्ली में उपचार के दौरान मौत हो गई थी। इस मामले में पुलिस ने तीन लोगों के खिलाफ गैर इरादतन हत्या का मामला दर्ज किया था। लेकिन पुलिस कोई आरोपी को गिरफ्तार नहीं कर पा रही थी। अब इस मामले में पुलिस को सफलता मिल गई है। पुलिस ने इस मामले में वांछित गर्वमेंट प्रेस रोड निवासी कलवा उर्फ कल्लू को बरेली गेट रोड से गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के मुताबिक अभी दो और आरोपियों की गिरप्तारी की कोशिश जारी है।