टांडा। स्व. जफर इकबाल, मुहम्मद आलम, मंसूर अख्तर और मास्टर सगीर की याद में आयोजित नाइट क्रिकेट टूर्नामेंट में मेलबॉर्न क्रिकेट क्लब टांडा ने शानदार प्रदर्शन करते हुए एचआर रॉयल क्रिकेट क्लब को 8 विकेट से पराजित कर टूर्नामेंट के क्वार्टर फाइनल में जगह बना ली।
नगर के मंसब अली स्पोर्ट्स स्टेडियम में खेले गए इस मुकाबले में एचआर रॉयल क्लब के कप्तान ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी का निर्णय लिया। टीम ने 16 ओवर में 8 विकेट खोकर 114 रन बनाए। बल्लेबाज असजद ने सबसे अधिक 42 रन की पारी खेली, वहीं नासिर पीटरसन ने 22 और अंश भाटिया ने 14 रन का योगदान दिया। मेलबॉर्न क्लब के सरफराज ने 2 विकेट, जबकि गुड्डू प्रिंस, उबैद और शहजाद ने एक-एक विकेट हासिल किए।
जवाब में मेलबॉर्न क्लब ने केवल 12.2 ओवर में 2 विकेट के नुकसान पर 118 रन बनाकर टीम ने मुकाबला अपने नाम कर लिया। गौरव डागर ने नाबाद 72 रनों की तूफानी पारी खेली, जबकि अलकमा अमान ने 28 और उस्मान ने 8 रन बनाए। एचआर रॉयल की ओर से गेंदबाज मो. नोमान को 2 विकेट मिले। मैच में बेहतरीन बल्लेबाजी के लिए मेलबॉर्न क्लब के गौरव डागर को मैन ऑफ द मैच चुना गया। उन्हें यह पुरस्कार मुख्य अतिथि नगर पालिका प्रतिनिधि हाजी सरफराज आलम ने प्रदान किया। मैच का कमेंट्री संचालन मो. सईद सागर, मुहम्मद इरफान, जहीर जिया और अब्दुल रज्जाक ने किया, जबकि स्कोरिंग की जिम्मेदारी नदीम गोरे ने निभाई। इस मौके पर सभासद मेराजुल इस्लाम, मुन्ना, तस्लीम, रईस, मकसूद नन्ना समेत खेल प्रेमियों की भारी भीड़ मौजूद रही।