मिलक (रामपुर)। गांव रास डंडिया में गुरुवार को दो चचेरे-तहेरे भाई नहाते समय तालाब में डूब गए। इनमें से 9 वर्षीय अंशु को ग्रामीणों ने बचा लिया, जबकि 10 वर्षीय अतुल की डूबकर मौत हो गई। बालक की मौत पर परिवार में कोहराम मचा है।
क्षेत्र के रास-डंडिया गांव निवासी विदेश पाल रुद्रपुर में काम करते हैे। उनका दस वर्षीय बेटा अतुल अपने नौ वर्षीय तहेरे भाई अंशु के साथ गांव के तालाब में गुरुवार दोपहर नहाने गया था। गांव के अन्य बालक भी तालाब में नहा रहे थे। नहाते-नहाते अंशु और अतुल गहरे पानी में चले गए और डूबने लगे। जब दोनों ने हाथ-पैर मारने शुरू किए तो उन्हें डूबता देख अन्य बच्चों ने शोर मचा दिया। शोर सुनकर आसपास मौजूद ग्रामीण मौके पर पहुंच गए।
तैराकी जानने वाले ग्रामीण तालाब में बच्चों को बचाने के लिए तालाब में कूद पड़े, लेकिन अतुल गहरे में चला गया था। अतुल को जब तक ग्रामीणों ने बाहर निकाला, तब तक वह दम तोड़ चुका था। वहीं अंशु को तालाब से बाहर बेहोशी की हालत में निकाल लिया गया। दोनों को परिजन नगर की सीएचसी लेकर पहुंचे। जहां पर डॉक्टर ने अतुल को मृत घोषित कर दिया। अंशु का उपचार चल रहा है और वह सदमे में हैं। अतुल की मौत से परिवार में कोहराम मचा है।
एक माह में आठ लोगों की डूबकर मौत
रामपुर। जिले में एक माह की अवधि में आठ लोगों की गहरे पानी में डूबने से मौत हो चुकी है। शाहबाद में चार, मिलक में दो और कोतवाली क्षेत्र से प्रानपुर में कोसी नदी में डूबने से दो लोगों की मौत हो चुकी है।
-02 जून को शाहबाद क्षेत्र में रामगंगा नदी में डूबकर प्रेमपाल की मौत हो गई थी।
-13 जून को शाहबाद के ललवारा गांव निवासी किशोरी फिजा की रामगंगा में डूबकर मौत हो गई।
-20 जून को पटवाई थाना क्षेत्र के नवाबगंज निवासी तेजपाल की कोसी में डूबकर मौत हो गई।
-21 जून को मिलक क्षेत्र के नगला उदई गांव निवासी किशोरी अमन की नाहल नदी में डूबकर मौत हो गई थी।
-24 जून को कूप गांव निवासी भोजराज की रामगंगा में डूबकर मौत हो गई।
-29 जून को सैदनगर क्षेत्र के प्रानपुर गांव में कोसी में नहाने गए कलीम और अयान की डूबकर मौत हो गई।
-01 जुलाई को मिलक क्षेत्र में अतुल की तालाब में डूबकर मौत हो गई।