जिले में बृहस्पतिवार को विधानसभा चुनावों की मतगणना सुबह आठ बजे डाक मतपत्रों की गिनती से शुरू होगी। इसके आधे घंटे बाद 8.30 बजे से ईवीएम से मतगणना शुरू होगी। मतगणना के लिए लगाए गए कर्मियों को सुबह सात बजे मतगणना स्थल पर पहुंचना अनिवार्य होगा।
जिलाधिकारी रविंद्र कुमार मांदड़ ने बताया कि ईवीएम से मतगणना के लिए 380 और डाक मतपत्र की गिनती के लिए 68 कर्मी लगाए गए हैं। पांच-पांच वीपीपैट मशीन से रेंडमली पर्ची की गणना की जाएगी। यदि हार-जीत का अंतर मतगणना के समय अमान्य के रूप में रद्द किए गए डाक मतपत्रों की संख्या से कम हो, तो परिणाम की घोषणा से पूर्व सभी रद्द किए गए डाक मतपत्रों की गणना ही रिटर्निंग ऑफिसर द्वारा की जाएगी न कि सभी डाक मतपत्रों की। मतगणना के लिए एजेंटों के पास बनाने के लिए भी निर्धारित प्रारूप-18 पर जानकारी मांग ली गई है। मतगणना में किसी भी आपराधिक छवि वाले व्यक्ति को किसी भी प्रत्याशी का एजेंट नहीं बनाया जाएगा।
ड्रोन कैमरे से कराई जाएगी निगरानी
मतगणना स्थल पर पूरे समय लगातार ड्रोन कैमरे से निगरानी कराई जाएगी। साथ ही सादे ड्रेस में भी पुलिसकर्मी तैनात रहेंगे। किसी भी प्रत्याशी को अलग सुरक्षा मिली हुई है, तो मतगणना परिसर पर उनके सुरक्षा कर्मियों को प्रवेश नहीं दिया जाएगा। इसके साथ ही मतगणना शुरू होने और बाद में भी सोशल मीडिया पर भी निगरानी की जाएगी। अफवाह फैलाने वाली पोस्ट डालने पर आरोपियों के विरुद्ध कार्रवाई की जाएगी।