बिलासपुर। नगर में ब्रांडेड चाय की नकली पैकिंग कर बाजार में बेचने का भंडाफोड़ हुआ है। बरेली की फर्म के अधिकारियों ने सोमवार दोपहर स्थानीय डिस्ट्रीब्यूटर और पुलिस के साथ ग्राम ज्वालापुर भैंसिया स्थित एक प्रतिष्ठान पर छापा मारा।
टीम ने मौके से करीब 21 किलो ब्रांडेड कंपनी की नकली चाय बरामद की। पुलिस ने मामले में दो लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी। बाद में टीम नकली चाय की तलाश में बरेली रवाना हो गई।
बरेली निवासी प्रकाश लखोटिया सोमवार दोपहर कोतवाली पहुंचे। उन्होंने कोतवाली प्रभारी जीत सिंह से मुलाकात कर तहरीर दी। इसमें बताया कि वह ब्रांडेड चाय के अधिकृत पंजीकृत ट्रेडमार्क के साझीदार स्वामी हैं और उनकी फर्म श्यामगंज, बरेली में उच्च कोटि की चाय की पैकिंग करती है। उनकी फर्म का कारोबार जिला रामपुर और तहसील बिलासपुर में भी है। बिलासपुर में उनके अधिकृत वितरक हैं।
उनका आरोप था कि भैंसिया ज्वालापुर निवासी एक कारोबारी इंटरप्राइजेज के नाम से कारोबार करता है। वह उनकी असली ब्रांड चाय का नाम अवैध रूप से इस्तेमाल कर नकली पैकेटों में घटिया चाय भरकर बाजार में बेच रहा है। उनकी उच्च कोटि की चाय 520 रुपये किलो की दर से बिक्री होती है। इससे फर्म की साख को नुकसान हो रहा है और ग्राहकों के साथ धोखाधड़ी हो रही है।
पुलिस के अनुसार तहरीर के आधार पर सोमवार दोपहर फर्म के अधिकारियों, स्थानीय वितरक और पुलिस टीम ने संयुक्त रूप से छापा मारा। मौके से करीब 21 किलोग्राम नकली चाय बरामद हुई। पुलिस ने दो लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी।
सीओ पीपी सिंह ने बताया कि जांच के दौरान दोनों युवकों के बयानों से मामला बरेली से जुड़ा पाया गया है। इसलिए कंपनी स्वामी अपनी टीम के साथ बरेली चले गए हैं। वहां बरेली पुलिस की मदद से कार्रवाई की जाएगी।