रामपुर। नगर पालिका बोर्ड की बैठक का सभासदों ने बहिष्कार कर दिया। भाजपा से जुड़े सभासदों को छोड़कर अन्य सभासद बैठक में नहीं पहुंचे। ऐसे में कोरम पूरा न होने के कारण बैठक स्थगित कर दी गई। इस पर बैठक में मौजूद सभासदों ने नाराजगी भी जताई।
नगर पालिका अध्यक्ष फात्मा जबी की अध्यक्षता में जिला सहकारी बैंक सभागार में सोमवार को पालिका बोर्ड की बैठक शुरू हुई। इसमें चंद सभासद ही पहुंचे। बैठक में सबसे पहले सभासद शालिनी शर्मा के पति अनुराग शर्मा की मृत्यु पर शोक जताया गया। इसके बाद कोरम पूरा न होने की बात कहते हुए बोर्ड की बैठक स्थगित करने की घोषणा की गई। इस पर वहां पर मौजूद सभासदों ने नाराजगी जताई। भाजपा सभासद श्वेता शर्मा ने दूसरी पार्टियों के सभासदों पर विकास कार्यों में अड़ंगा डालने का आरोप लगाया। कहा कि यह मीटिंग काफी महत्वपूर्ण थी। इसमें बजट के महत्वपूर्ण प्रस्ताव पास होने थे। कोरम पूरा न होना एक सोची समझी साजिश है। कहा हम लोग भी जरूरी काम छोड़कर मीटिंग में शामिल होने आए हैं। अगली बार भी अगर कोरम पूरा नहीं हुआ, तो शहर में विकास के कार्य कैसे होंगे। पालिका अध्यक्ष से इस पर अंकुश लगाने की मांग की। पालिकाध्यक्ष ने बताया कि नियमों के अनुसार अगर कोरम पूरा नहीं होता है, तो बैठक स्थगित की जाती है। आगे से सभी सभासद आएं, इसके लिए प्रयास किए जाएंगे। इस मौके पर नगर पालिका के अधिशासी अधिकारी प्रवीण कुमार वर्मा एवं पालिका के अन्य अधिकारी मौजूद रहे।
दूर नहीं हो पा रही जनता की समस्याएं : सभासद
रामपुर। जिला सहकारी बैंक सभागार में सोमवार को हुई नगर पालिका बोर्ड की बैठक का बोर्ड सदस्य, सभासदों ने बहिष्कार कर दिया। उन्होंने विज्ञप्ति जारी कर कहा कि जनहित के कार्यों की लगातार अवहेलना की जा रही है। शहर में नालों की ठीक से सफाई नहीं हो रही, जिससे जगह-जगह जलभराव की समस्या बरकरार है। प्रत्येक वार्ड के लोग पेयजल की समस्या सेे जूझ रहे हैं। सफाई कर्मचारियों को सुरक्षा उपकरण और कूड़े के ठेले की व्यवस्था नहीं कराई गई है। बोर्ड में नए बिजली प्वाइंट पास करने के बाद भी उपलब्ध न कराए जाते। इससे नई आबादी वाले क्षेत्रों में बिजली की व्यवस्था नहीं हो पा रही। जन्म-मृत्यु प्रमाण पत्र को लेकर भी जनता परेशान है। बिना कारण बताए टेंडर निरस्त कर दिए जाते हैं, इससे निर्माण कार्यों में देरी होती है। बहिष्कार करने वालों में दिनेश कुमार रस्तोगी, नूरजहां, सरोज देवी, रेनू अरोरा, अनेश कुमार सैनी, हरि बाबू राज, सत्य प्रकाश टिल्लू, शादाब अली, अब्दुल सत्तार, नावेद अली कुरैशी, तनवीर खां, शबाव हुसैन, जुनैद, मोहम्मद शावेज, फरजाना बी आदि शामिल रहे।