रामपुर। छुट्टी के बाद सोमवार को जिला अस्पताल में भीड़ काफी अधिक बढ़ गई। इस दौरान वायरल, खांसी और जुकाम के मरीज अधिक रहे हैं। दिन भर पर्चा काउंटर पर भीड़ लगी रही। कतारों में लगकर लोगों ने अपना इलाज कराया। चिकित्सकों ने दवा के साथ उचित परामर्श दिया और संचारी रोगों से बचाव के लिए सलाह दी है।
सुबह करीब नौ बजे से जिला अस्पताल में मरीजों की संख्या अधिक दिखाई दी। रविवार को छुट्टी के बाद भीड़ काफी अधिक बढ़ जाती है। बारिश होने के बाद भी सोमवार को मरीजों की संख्या बढ़ी रही है। मौसम के बिगड़ते मिजाज से खासकर बच्चों को ज्यादा दिक्कत हो रही है। इस दौरान वायरल, खासी, जुकाम के मरीज आए हैं। जिनको चिकित्सक ने उचित परामर्श के साथ दवाएं दी हैं। डॉ. दशरथ सिंह ने बताया कि मरीजों को इस मौसम में काफी ध्यान देने की जरूरत है।