रामपुर। जिले में सक्रिय कोरोना संक्रमितों का ग्राफ एक बार फिर बढ़ता जा रहा है। शुक्रवार को भी जिले में 17 नए कोरोना संक्रमितों की पुष्टि हुई है। जिसके बाद जिले में कुल सक्रिय मामले 210 हो गए हैं। वहीं, छह लोगों ने आइसोलेशन की अवधि को पूरा कर लिया है।
कोरोना की दूसरी लहर में नए संक्रमण के मामलों का सिलसिला जारी है। गुरुवार को प्रशासन ने 57 नए संक्रमितों की पुष्टि की थी। इसके बाद शुक्रवार को जारी की गई रिपोर्ट में जिले में 17 नए कोरोना संक्रमित पाए जाने की पुष्टि की गई है। शुक्रवार को जारी रिपोर्ट में आरटी-पीसीआर जांच में दो, एटीजन जांच में 12 और प्राइवेट लैब जांच में तीन लोगों में संक्रमण की पुष्टि की गई है। इसके साथ जिले में छह संक्रमितों की आइसोलेशन की अवधि पूरी हो गई है। जिले में शुक्रवार सुबह जारी की गई रिपोर्ट के बाद कुल सक्रिय मामले 210 हो गए हैं। अब तक जिले में 5814 संक्रमितों की पुष्टि हो चुकी है, जिसमें 59 संक्रमितों की मौत हो चुकी है। जिले में लगातार बढ़ रहे कोरोना मामलों को देखते हुए प्रशासन ने भी कोविड-19 गाइडलाइन के अनुपालन को लेकर सख्ती बढ़ा दी है। जिलाधिकारी रविन्द्र कुमार मांदड़ ने सभी लोगों से अपील की है कि वो बेवजह घर से बाहर न निकलें और किसी भी स्थान पर भीड़ का हिस्सा न बनें। आवश्यकता पर घर से बाहर निकलते समय मास्क का प्रयोग करें और सोशल डिस्टेंस का ध्यान रखें।