फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Rampur News: शोभायात्रा से लौट रहे सिपाही की हादसे में मौत

Wed, 16 Sep 2026 12:53 AM IST
मुरादाबाद ब्यूरो संवाद न्यूज एजेंसी, रामपुर
विज्ञापन
विज्ञापन
मिलक (रामपुर)। नेशनल हाईवे पर दुगुनपुर गांव के पास सोमवार देर रात अज्ञात वाहन की टक्कर से बाइक सवार सिपाही सचिन कुमार (29) की मौत हो गई। हादसे में उनका सिर वाहन के पहिये के नीचे आ गया।
विज्ञापन

सचिन की करीब 15 दिन पहले ही रामपुर पुलिस लाइन से मिलक कोतवाली में तैनाती हुई थी। हादसा उस वक्त हुआ, जब वह गणेश चतुर्थी की शोभायात्रा से ड्यूटी पूरी कर लौट रहे थे। हादसे के बाद परिवार में कोहराम मच गया।
अमरोहा के हसनपुर कोतवाली क्षेत्र के गांव रुखालू निवासी किसान सोमपाल सिंह के बेटे सचिन कुमार सिपाही थे। करीब 15 दिन पहले उनकी तैनाती मिलक कोतवाली में हुई थी। सोमवार को श्रीगणेश चतुर्थी की शोभायात्रा के मद्देनजर उनकी ड्यूटी नगर में लगी थी। ड्यूटी पूरी करने के बाद रात करीब साढ़े 11 बजे वह बाइक से रामपुर स्थित अपने कमरे पर पत्नी के पास लौट रहे थे।
विज्ञापन

रात करीब एक बजे दुगुनपुर गांव के पास नेशनल हाईवे पर किसी अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। हादसा इतना भीषण था कि सचिन का सिर वाहन के पहिये के नीचे आ गया और उनकी मौके पर ही मौत हो गई।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और उन्हें मिलक के सरकारी अस्पताल लेकर आई, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। सचिन की मौत की सूचना मिलते ही उनके छोटे भाई पवित्र, जो रामपुर में सिपाही हैं, और पत्नी भानु अस्पताल पहुंचीं।
सचिन का शव देखकर दोनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। अस्पताल में चीख-पुकार मच गई। सीओ प्रीतमपाल सिंह और कोतवाल संजय कुमार भी अस्पताल पहुंचे और परिजनों को सांत्वना दी।
परिजनों ने बताया कि सचिन की पत्नी भानु भी सिपाही हैं। वह थाना शहजादनगर में तैनात हैं। दोनों की शादी करीब दो वर्ष पहले हुई थी। भानु गर्भवती हैं और जल्द ही उनकी डिलीवरी होने वाली है। सचिन के बड़े भाई बॉबी गौतम अमरोहा जिले की हसनपुर तहसील में लेखपाल हैं।
पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल स्थित पोस्टमार्टम हाउस भेज दिया। हादसे के बाद सचिन के गांव रुखालू में भी मातम छा गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
एएसपी अनुराग सिंह ने बताया कि सड़क हादसे में सिपाही की मौत हो गई है। पुलिस सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालकर वाहन की तलाश में जुटी हुई है। जांच के बाद रिपोर्ट दर्ज की जाएगी।
00000
एक माह के भीतर तीन पुलिस कर्मियों की हो चुकी है मौत
रामपुर। हादसों में एक माह के भीतर रामपुर में तीन पुलिस कर्मियों की जान जा चुकी है। एक माह पहले शहजादनगर थाने में तैनात दरोगा को रोडवेज बस स्टेशन के पास रोडवेज बस ने टक्कर मार दी थी, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई थी। इसके बाद तीन दिन पहले शहजादनगर क्षेत्र में ही धमोरा के पास बरेली पुलिस के वज्र वाहन को अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी थी, जिसमें बरेली के सिपाही की मौत हो गई थी। साथ ही एक महिला सिपाही भी घायल हो गई थीं। अब सोमवार रात एक और सिपाही की मौत हो गई। लगातार हो रहे हादसों ने पुलिस प्रशासन की चिंता बढ़ा दी है। संवाद
विज्ञापन

विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें