केमरी। केमरी के मोहल्ला सिंघाड़ियान स्थित देवी स्थान पर मां भगवती के विशाल जागरण का आयोजन किया गया। इस दौरान भक्ति गीतों पर श्रद्धालु सराबोर दिखाई दिए। एक से बढ़कर एक गीतों ने समां बांध दिया, जिस पर भक्त जमकर थिरके। सुबह छह बजे प्रसाद वितरण किया गया।
मंगलवार रात करीब नौ बजे मां भगवती के जागरण का शुभारंभ गणेश पूजन के साथ किया गया। इसके बाद केमरी की सरस्वती डीजे और जागरण पार्टी के कलाकारों ने एक से बढ़कर एक भजनों की प्रस्तुति दी। मुरादाबाद से आई गायिका नेहा सक्सेना ने चलो बुलावा आया है, माता ने बुलाया है...भजन गाकर भक्तों को झूमने पर मजबूर कर दिया। गीत सत्य पेंटर के मैया ने दरबार लगाया है, दर्शन कर लेन दे....गीत पर भक्तों ने जमकर नृत्य किया।
रात भर भक्त मां भगवती के सुंदर सुंदर भजनों पर नृत्य करते रहे। इस अवसर पर मां दुर्गा, मां काली, भगवान शिव, राधा कृष्ण आदि भगवानों की झांकियां आकर्षण का केंद्र बनी रहीं। बीच- बीच में माता के जयकारों से पूरा पंडाल गुंजायमान होता रहा। जागरण में माता का शृंगार, पंच मेवे का प्रसाद, फूलों की होली, इत्र वर्षा के कार्यक्रमों ने भी भक्तों को भक्ति के रस में सराबोर कर दिया। सुबह तारा रानी की कहानी के बाद भक्तों को प्रसाद का वितरण किया गया। इस अवसर पर पूरन सिंह तोमर, भूप सिंह सैनी, संजय सैनी, पीतम सैनी, रोहित शर्मा, अरविंद सैनी, पप्पू सैनी आदि मौजूद रहे।