रामपुर। जिले में भारी मात्रा में कोडीन युक्त सिरप बेचने का मामला सामने आया है। औषधि निरीक्षक की जांच में सामने आया कि शहर के तीन थोक दवा विक्रेताओं ने 1.34 करोड़ की कीमत के 1. 62 लाख कोडीन युक्त सिरप बिना बिल व रिकॉर्ड के बेच डाले।
यह सिरप उत्तराखंड और यूपी से खरीदे गए थे। खुलासा होने पर औषधि निरीक्षक ने गंज थाने में तीनों थोक दवा विक्रेताओं के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है। तीनों के लाइसेंस निरस्त कर दिए हैं।
इन दिनों प्रदेश भर में कोडीन युक्त कफ सिरप को लेकर जांच चल रही है। खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन आयुक्त के निर्देश पर औषधि निरीक्षक मुकेश कुमार ने शहर के पक्का बाग मोहल्ले में थोक दवा विक्रेता उमर और सलमान तो घेर कलंदर खां मोहल्ले में उस्मान के यहां जांच की गई तो कोई भी बिक्री होती नहीं मिली और न ही सिरप का कोई भंडार मिला।
दवा विक्रेताओं ने सभी सिरप को पहले ही बेच दिया था। औषधि निरीक्षक ने सलमान को 92.99 लाख रुपये की कीमत के 91 हजार सिरप, उसमान को 24.97 लाख के 42 हजार सिरप और उमर को 16. 82 लाख के 29 हजार सिरप की बिक्री का नोटिस जारी कर रिकॉर्ड मांगा था, जिस पर अब तक कोडीन युक्त सिरप की बिक्री का कोई रिकॉर्ड नहीं दिया और न ही कोई बिल दिए गए। इस पर औषधि निरीक्षक का संदेह गहराया। जिसके बाद अब औषधि निरीक्षक ने थोक दवा विक्रेता सलमान, उस्मान और उमर के खिलाफ गंज थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई है।