मुख्यमंत्री अखिलेश यादव के 26 नवंबर को रामपुर में प्रस्तावित कार्यक्रम को लेकर की जा रही तैयारियां अब आखिरी दौर में पहुंच गई हैं। जोरदार तैयारियों का खुद नगर विकास मंत्री आजम खां ने मौका मुआयना कर लिया। उन्होंने सीएम का जोरदार इस्तकबाल करने के निर्देश दिए। इसके अलावा डीएम ने भी अफसरों के साथ तैयारियां देखीं और उनकी गहन समीक्षा की।
मुख्यमंत्री अखिलेश यादव 26 नवंबर को रामपुर आएंगे। वह यहां गांधी समाधि समेत कई परियोजनाओं का शुभारंभ करेंगे साथ ही कई योजनाओं का शिलान्यास भी करेंगे। करीब दो अरब की योजनाओं से शहर के सुदंरीकरण की शुरुआत करने के कार्यक्रम को लेकर पिछले 15 दिन से तैयारियां चल रही हैं। अब यह तैयारियां अंतिम दौर में पहुंच गई हैं।
नगर विकास मंत्री मोहम्मद आजम खां ने भी गुरुवार को प्रशासन की ओर से की जा रही तैयारियों का जायजा लिया। उन्होंने फ्लाईओवर, झील परिसर में किये जा रहे सौन्दर्यीकरण के कार्यो का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान निर्देश देते हुए कहा कि वाल पेंटिंग, साफ-सफाई एवं अन्य सौन्दर्यीकरण के कार्यों को आज रात तक हर हाल में पूरा कर लेने के निर्देश दिए। श्री खां ने झील के निरीक्षण के पश्चात अली जौहर विश्वविद्यालय परिसर पंडाल का शिलान्यास एवं रविन्द्रनाथ टेगौर सभागार के उद्घाटन स्थल का भी जायजा लिया।
श्री खां ने गांधी समाधि के सौन्दर्यीकरण के कार्यों का भी निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी अमित किशोर को आवश्यक निर्देश दिये। इसके अलावा जिलाधिकारी अमित किशोर ने देर रात कलेक्ट्रेट सभागार में सीएम के आगमन को लेकर तैयारियों का जायजा लिया। उन्होंने इस कार्यक्रम की सफलता के लिए अफसरों को जिम्मेदारी सौंपी।