शाहबाद/रामपुर(ब्यूरो)। नगर के एक मोहल्ले में संभल जिले के असमोली से आई बारात में उस समय खलबली मच गई जब एक महिला पुलिस के साथ पहुंच गई और अपने आप को दूल्हा मियां की पहली पत्नी होने का दावा ठोंक दिया। इससे बाराती दंग रह गए। इसके बाद मामला कोतवाली पहुंच गया। फिलहाल शादी के प्रमाण प्रस्तुत किए जाने तक निकाह रुका हुआ है।
नगर के मोहल्ला फर्राशान में एक बारात संभल के असमोली से आई थी। बारात का खाना चल रहा था, खुशी का माहौल था, इसी बीच अमरोहा जनपद के आदमपुर थाने के ढबारसी कस्बे की एक महिला पुलिस लेकर बारात में पहुंच गई और अपने आप को दूल्हा मियां की पहली पत्नी होने का दावा करने लगी। महिला ने वहां हंगामा खड़ा कर दिया। बताया जा रहा है कि दूल्हे पक्ष ने तीन दिन पूर्व ही दूल्हे और दुल्हन का निकाह करा दिया था। शायद उन्हें मालूम था कि बखेड़ा हो सकता है। इधर, महिला का कहना है कि मेरी शादी एक साल पहले हुई थी और शादी के छह माह बाद से दहेज के लिए ससुरालियों ने उत्पीड़न करना शुरू कर दिया था। जिसमें एलसीडी, कार और पचास हजार नगदी की डिमांड की थी।
उसने बताया कि दहेज उत्पीड़न का मुकदमा विचाराधीन है। उधर, दूल्हे पक्ष का कहना है कि इस महिला ने हमारे लड़के से कोर्ट मैरिज की थी, और बाद में खुद ही तलाक ले लिया था। इसी दौरान महिला और दूल्हे पक्ष में कोतवाली के अंदर ही कहासुनी होने लगी, जिसको पुलिस ने दोनों पक्षों को शांत किया। दोनों पक्षों ने अपने अपने अभिलेख दिखाए। शादी नगर में चर्चा का विषय बनी हुई है। खबर लिखे जाने तक समझौता नहीं हुआ था। पुलिस का कहना कि समझौता कराने की कोशिश की जा रही है।