रामपुर। सांसद आजम खां के पिता के नाम पर बने मुमताज पार्क का नाम बदला जाएगा। इस पार्क का नाम रामपुर के पहले सांसद मौलाना अबुल कलाम आजाद के नाम पर होगा। प्रशासन ने काफी मंथन करने के बाद उनके नाम को मंजूूरी दे दी है।
समाजवादी पार्टी के शासनकाल में मुमताज पार्क का निर्माण हुआ था। सांसद आजम खां तब नगर विकास मंत्री थे। पार्क के निर्माण के लिए जिला जेल ने प्रस्ताव शासन को भेजा था। तब इस पार्क के निर्माण में दस माह का समय लगा था। अमृत योजना के तहत करीब 60 लाख रुपये की लागत से बने पार्क का उद्घाटन पूर्व नगर पालिकाध्यक्ष अजहर अहमद खां ने किया था। अगस्त 2013 में पार्क का उद्घाटन हुआ था, लेकिन इसके बाद से पार्क के ताले नहीं खुले थे। इस पार्क का नाम भी सांसद आजम खां के पिता मुमताज खां के नाम पर रखा गया था। जिला प्रशासन के प्रयासों के बाद करीब ग्यारह माह पूर्व पार्क को आम लोगों के लिए खोला गया था। वहीं एक दिन पहले ही भाजपा लघु उद्योग प्रकोष्ठ के पश्चिमी उत्तर प्रदेश के संयोजक आकाश सक्सेना हनी ने जिलाधिकारी से शिकायत की थी कि यह पार्क सरकार के पैसे से बना है। लिहाजा, पार्क का नाम भारत पाकिस्तान युद्ध में शहीद हुए वीर अब्दुल हमीद के नाम पर रखा जाए। जिसके बाद प्रशासनिक अफसरों ने भी मंथन किया। इस बीच सामने आया कि रामपुर के पहले सांसद और देश के पहले शिक्षामंत्री मौलाना अबुल कलाम आजाद के नाम पर कोई स्थान नहीं है। ऐसे में पार्क का नाम उन्हीं के नाम पर रखा जाएगा। डीएम ने पार्क का नाम मौलाना अबुल कलाम आजाद पार्क रखने की मंजूरी दे दी है। लिहाजा, अब पार्क का नाम बदला जाएगा।
मुमताज पार्क का निर्माण सरकारी धन से कराया गया है। इसके नाम पर कोई लोगों ने आपत्ति जताई थी। कहा था कि सरकारी धन से बने पार्क का नाम कोई अपने पिता के नाम पर कैसे रख सकता है, जिनका देश या रामपुर के लिए कोई योगदान नहीं है। नाम बदलने के लिए कई सुझाव आए थे। काफी विचार-विमर्श कर तय किया गया है कि इस पार्क का नाम अब रामपुर के पहले सांसद और देश के पहले शिक्षामंत्री मौलाना अबुल कलाम आजाद के नाम पर रखा जाएगा।
-आन्जनेय कुमार सिंह, जिलाधिकारी, रामपुर।