अपनों की जरा सी लापरवाही में फिर एक मासूम बच्ची की जान चली गई। खेल-खेल में चार साल की बच्ची पानी से भरे घूरे के गड्ढे में गिर गई और डूबकर उसकी मौत हो गई। इस दर्दनाक हादसे से परिजनों में कोहराम मच गया।
तहसील क्षेत्र के गांव पसियापुरा निवासी मोहम्मद उमर की चार वर्षीय बेटी गुड़िया रविवार की शाम घर के बाहर खेल रही थी। देरशाम तक बेटी के घर न आने पर परिजन परेशान हो उठे और उन्होंने उसकी तलाश शुरू कर दी। लेकिन पूरे गांव में उसका कहीं पर पता नहीं चला।
परिजनों के साथ अन्य ग्रामीण भी उसको ढूंढने लगे। इसी बीच किसी की निगाह घर के नजदीक पानी से भरे घूरे के गड्ढे पर पड़ी, जिसमें गुड़िया की चप्पलें पड़ी थीं। जिस पर लोगों ने पानी से भरे गड्ढों में बच्ची की तलाश शुरू कर दी। काफी देर बाद एक गड्ढे से बच्ची का शव मिला। गुड़िया का शव देखकर परिजनों में कोहराम मच गया। वहीं ग्रामीणों की भी आंखें नम हो गईं।