रामपुर। कोडीनयुक्त सिरप की अवैध तरीके से बिक्री करने के दो मामलों में क्राइम ब्रांच ने दवा विक्रेता भाइयों उस्मान और दानिश के खिलाफ चार्जशीट दाखिल कर दी है। आरोप है कि दोनों ने करीब 42 लाख रुपये का सिरप बिना बिल के बेचा। दोनों ही मामले गंज कोतवाली से जुड़े हुए हैं।
तीन दिसंबर 2025 को औषधि निरीक्षक मुकेश कुमार ने गंज कोतवाली में दो प्राथमिकी दर्ज कराई थीं, जिसमें एक मुकदमे में उस्मान और दूसरे में दानिश को नामजद किया गया था। दोनों ही सगे भाई हैं। उन पर आरोप है कि नोटिस के बावजूद दोनों ने खरीद-बिक्री का रिकार्ड प्रस्तुत नहीं किया।
पुलिस ने मामला दर्ज करने के बाद मामले की तफ्तीश की। इसके बाद इस मामले की जांच क्राइम ब्रांच को सौंपी गई थी। क्राइम ब्रांच ने मामले की जांच शुरू की और फिर छह फरवरी को क्राइम ब्रांच ने दोनों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था।
क्राइम ब्रांच की तफ्तीश में यह बात सामने आई थी कि दोनों के पास थोक लाइसेंस था, लेकिन उन्होंने नियमों का उल्लंघन किया। दोनों मुकदमे की विवेचना कर रहे क्राइम ब्रांच के निरीक्षक अजय वीर सिंह ने बताया कि दोनों भाइयों के खिलाफ अलग-अलग मुकदमा दर्ज है। दोनों ही मुकदमों की जांच पूरी हो गई है और दोनों में चार्जशीट लगा दी है।
बताया कि उस्मान के पास 29 जबकि दानिश के पास से 42 हजार शीशियां बरामद हुई थीं,जिनकी कीमत करीब 42 लाख रुपये बताई गई है। क्राइम ब्रांच के निरीक्षक अजय वीर सिंह के मुताबिक दो मामलों में अभी चार्जशीट लगनी बाकी है।