फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Rampur News: परचून दुकानदार की हत्या में तीन आरोपियों के खिलाफ चार्जशीट दाखिल

Tue, 17 Nov 2026 01:20 AM IST
मुरादाबाद ब्यूरो संवाद न्यूज एजेंसी, रामपुर
विज्ञापन
विज्ञापन
रामपुर। सिविल लाइंस थाना क्षेत्र के बिजइया गांव में परचून दुकानदार पूरन सिंह यादव की हत्या के मामले में जेल भेजे गए तीन आरोपियों के खिलाफ पुलिस ने कोर्ट में चार्जशीट दाखिल कर दी है। पुलिस ने मामले की विवेचना पूरी करने के बाद नरपत, मक्खन और बंशीधर को आरोपी बनाया है।
विज्ञापन

बिजइया गांव निवासी परचून दुकानदार पूरन सिंह यादव (45) का शव तीन अक्तूबर की सुबह गांव के बाहर खेत में मिला था। धारदार हथियार से गला रेतकर उनकी हत्या की गई थी। पूरन रात में अपनी दुकान पर ही सोते थे। सुबह घर नहीं पहुंचने पर परिजनों ने तलाश की तो उनका शव खेत में पड़ा मिला। घटना के बाद परिजनों ने जमीन की रंजिश में हत्या किए जाने का आरोप लगाते हुए नरपत और मक्खन के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई थी।
पुलिस ने जांच शुरू की तो विवेचना के दौरान पंजाबनगर निवासी बंशीधर का नाम भी सामने आया। इसके बाद पुलिस ने तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के मुताबिक, पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि पूरन ने बंशीधर को विश्वास में लेकर उसकी जमीन सस्ते दामों में खरीद ली थी। आरोप है कि जमीन के रुपये भी नहीं दिए गए थे। इसी बात को लेकर उनके बीच रंजिश चल रही थी। पुलिस के अनुसार, इसी विवाद में तीनों ने मिलकर पूरन की हत्या की थी।
विज्ञापन

पुलिस ने नरपत और बंशीधर की निशानदेही पर वारदात में इस्तेमाल एक चाकू और एक खुखरी बरामद की थी। सीओ सिटी अभिषेक श्रीवास्तव ने बताया कि मामले की विवेचना पूरी कर नरपत, मक्खन और बंशीधर के खिलाफ चार्जशीट कोर्ट में दाखिल कर दी गई है।
विज्ञापन

विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें